बसंतपुर (सिवान), निसं : सिवान-बसंतपुर स्टेट हाईवे 73 पर सिवान की ओर से कांवरियों से लदी स्कार्पियो ने लहेजी गांव के समीप मोटरसाइकिल सवारों को रौंद दिया। जिसमें एक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक द्वारा स्कार्पियो लेकर भागने के क्रम में गाड़ी गड्ढे में गिर गई जबकि चालक तथा कांवरियां फरार हो गए। दुर्घटना को ले ग्रामीणों ने जमकर बवाल काटा। आक्रोशितों ने पथराव कर पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी।
बता दें कि दुर्घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र के लहेजी गांव के समीप गुरुवार की संध्या साढे तीन बजे की है। जिसमें मोटरसाइकिल सवारों में धनौवा निवासी टूनटून राम के पुत्र संदीप कुमार की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल मोलनापुर निवासी राजेश कुमार ने अस्पताल ले जाने के क्रम में दम तोड़ दिया। घटना से आक्रोशित लोगों ने सिवान बसंतपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीण शव के साथ प्रदर्शन करने लगे। शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए आई पुलिस को भी ग्रामीणों का आक्रोश झेलना पड़ा। वे डीएम को बुलाने व मृतक के परिजन को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। देर शाम तक जाम न हटने व शव को पुलिस के हवाले न करने पर महाराजगंज एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह, एसडीओ प्रमोद कुमार राम, थानाध्यक्ष देवकिशोर प्रसाद, बीडीओ अरविंद कुमार व प्रमुख ओमप्रकाश सिंह आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास करते रहे। हंगामा कर रहे लोगों में शैलेन्द्र कुमार, मुन्ना सिंह, मंटू सिंह, अमित सिंह, किशोर रजक, मोहन रजक, अनिल राम, उमेश राय सहित सैकड़ों ग्रामीण शामिल थे।
Thursday, 5 July 2012
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

0 comments:
Post a Comment